╰┈➤ क्षत्रिय कल्याणकारी संस्था ने प्रस्ताव पारित कर फिर दोहराई मांग
╰┈➤ मासिक बैठक में कई प्रस्ताव पास, पूजा महिला उपाध्यक्ष बनी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याणकारी संस्था अल्मोड़ा ने आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति को बनाये जाने की वकालत की है। रविवार को संस्था की मासिक बैठक में फिर इस मांग का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में संगठनात्मक बिंदुओं पर चर्चा के साथ ही कई अन्य मांगों के प्रस्ताव पारित किए गए। साथ ही कर्नाटकखोला निवासी पूजा बगड्वाल को संस्था में महिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।

बैठक में सर्वप्रथम संगठनात्मक बिंदुओं पर मंथन के दौरान उप महासचिव हयात सिंह बिष्ट ने महिला उपाध्यक्ष पद के लिए पूजा बगड्वाल के नाम का प्रस्ताव रखा और महासचिव के अनुमोदन के बाद अध्यक्ष ने इसकी पुष्टि की। यह भी तय किया गया कि संस्था की प्रतिमाह बैठक अब माह के तीसरे रविवार की जगह तीसरे शनिवार को होगी। इस निर्णय का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद समस्याओं पर चर्चा के दौरान प्रस्ताव पारित करते हुए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की गई। संस्था पहले से ही मांग उठाते आ रही है कि जाति नहीं आर्थिक स्थिति से तय आरक्षण हो। जिसे आज फिर दोहराया गया। इसके अलावा बरसात के मौसम को देखते हुए नगर क्षेत्र में सभी नालियों की सफाई कर पानी निकासी सुचारू करने, लोअर माल रोड में पांडेखोला से खत्याड़ी तक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए आईएसबीटी के समीप सार्वजनिक टैक्सी स्टेंड बनाने, धारानौला में जिला पंचायत के पुराने जीर्ण क्षीण भवन को टैक्सी स्टेंड के रूप में विकसित करने की मांगों के प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में अध्यक्ष जमन सिंह देवड़ी, महासचिव लक्ष्मण सिंह बोरा, महिला उपाध्यक्ष पूजा बगडवाल, उप सचिव हयात सिंह बिष्ट, संरक्षक प्रो. एसएस पथनी, चंद्रशेखर सिराड़ी, आनंद सिंह सतवाल, रमेश मेहता, वंदना रौतेला आदि शामिल रहे।



