HomeUttarakhandPithoragarhपिथौरागढ़ : हरेला सप्ताह में 70 हजार पौधों का रोपण

पिथौरागढ़ : हरेला सप्ताह में 70 हजार पौधों का रोपण

इकोलॉजिकल टेरिटोरियल फोर्स के कार्यों की हुई व्यापक सराहना

पिथौरागढ़, 16 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित हिमालय के संकल्प को नई मजबूती देते हुए 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ ने हरेला सप्ताह के दौरान जनपद में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। 10 से 16 जुलाई 2026 तक चले इस विशेष अभियान में विभिन्न क्षेत्रों में 70 हजार पौधों का रोपण किया गया। अभियान को स्थानीय नागरिकों, वन विभाग, विद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों और प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिला।

ADVERTISEMENTSAd

बटालियन की ओर से चलाए गए इस अभियान के तहत बनानी, गुनसेरा (चंडाक), अगनिया (बुंगाचीना), सुवाकोट (वड्डा) सहित अनेक स्थानों पर पौधारोपण किया गया। अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों, राज्य वन विभाग तथा सिविल प्रशासन ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान आम, अनार, अमरूद, लीची, नींबू, बाँज, मणिपुरी बाँज, चिनार, देवदार, सुरई और कचनार जैसी स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए, जिनसे भविष्य में क्षेत्र की हरित संपदा और जैव विविधता को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विशेष बात यह रही कि यह अभियान वर्ष 2026-27 के लिए बटालियन को आवंटित 8 लाख पौधों के वार्षिक लक्ष्य से अलग स्वैच्छिक पहल के रूप में संचालित किया गया। इससे पर्यावरण संरक्षण और हिमालयी पारिस्थितिकी के संवर्धन के प्रति बटालियन की अतिरिक्त प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से सामने आई।

वरदानी ईको पार्क में हुआ भव्य समापन

हरेला सप्ताह का समापन गुरुवार को वरदानी ईको पार्क, चंडाक में वन विभाग के सहयोग से आयोजित भव्य समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या रहीं। इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक मीनाक्षी जोशी, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएँ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वनीकरण और हिमालयी पारिस्थितिकी के संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। वक्ताओं ने इस अभियान को जनसहभागिता और सामुदायिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

मुख्यमंत्री से भी मिल चुका है सम्मान

बटालियन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वनीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्यों के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बटालियन को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान राज्य में हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बटालियन की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जाता है।

कार्यक्रम के अंत में बटालियन ने सभी सहभागी संस्थाओं, स्वयंसेवकों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। अधिकारियों ने कहा कि हिमालयी पारिस्थितिकी की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी इसी समर्पण और जनसहभागिता के साथ अभियान जारी रहेंगे।

वनाग्नि नियंत्रण में सहयोग के लिए दिनेश जोशी सम्मानित

इससे पूर्व वन पंचायत धनौड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण और पौधारोपण अभियानों में स्वैच्छिक कार्यकर्ताओं को सहयोग देने के लिए वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी को शाल ओढ़ाकर एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित पूर्व सूबेदार केशवदत्त मखौलिया, लोकपाल जगदीश कलौनी, गोपाल सिंह, सुन्दर सिंह बिष्ट, विनीता कलौनी, रेखा कुवर, भागीरथी सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने दिनेश जोशी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणास्रोत बताया।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments