╰┈➤ अल्मोड़ा पहुंचकर बीएसएफ की जवान का संदेश: ‘सेवा ही असली शिखर है’

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर उत्तराखंड समेत पूरे देश का गौरव बढ़ाने वाली बीएसएफ की महिला जवान रेबेका सिंह ने अल्मोड़ा स्थित लेप्रोसी (कुष्ठ) आश्रम पहुंचकर वहां कुष्ठ रोगियों के साथ खुशियां बांटी और समाज के प्रति संवेदनशीलता, करूणा व सेवाभाव का संदेश दिया। यहां उल्लेखनीय है कि रेबेका सिंह अल्मोड़ा जिले के रानीखेत तहसील अंतर्गत ग्राम चौकनी की निवासी हैं। उन्होंने कहा कि केवल एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक पहुंचने में नहीं, बल्कि सेवा भाव से लोगों के दिलों में जगह बनाने में होती है।
एवरेस्ट पर अपनी ऐतिहासिक सफलता के बाद उन्होंने अल्मोड़ा पहुंचकर कुष्ठ आश्रम में निवासरत लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उनकी कुशल ली। इसके साथ उन्हें राशन एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की। बीएसएफ में तैनात रहकर सीमा की सुरक्षा में कार्यरत रेबेका सिंह ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति केवल उपलब्धियों में नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना में निहित होती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी छोटे से प्रयास से किसी के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके, तो वही सबसे बड़ी उपलब्धि है। यहां सामग्री वितरण में उनके साथ हरीश मसीह, सतीश मसीह, रूथ सिंह, अंकुर सिंह, ममता सिंह, जॉइस सिंह, दीपक गोस्वामी, कमल असवाल एवं दीपा मसीह ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।


