कालाढूंगी में अवैध शराब तो रामनगर में स्मैक तस्करी पर बड़ी चोट
हल्द्वानी/रामनगर। नैनीताल जिले में अपराध और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। कालाढूंगी पुलिस ने 20 लीटर अवैध कच्ची शराब और 75 पाउच कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं रामनगर पुलिस ने मोटरसाइकिल के वाइजर में छिपाकर ले जाई जा रही 7.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर दो कथित तस्करों को दबोचा है। दोनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल चार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।

देखिए पूरा VIDEO

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस की इन दो कार्रवाइयों को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
कालाढूंगी में अवैध शराब पर प्रहार, दो आरोपी गिरफ्तार
कालाढूंगी। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कालाढूंगी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब और 75 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अवैध शराब की रोकथाम को लेकर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने नयागांव से आगे बाजपुर-कालाढूंगी रोड और छोराजाली जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बलकार सिंह पुत्र माला सिंह, उम्र 40 वर्ष, निवासी मोहाली जंगल बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा, जनपद ऊधमसिंहनगर को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में अमरजीत सिंह पुत्र इंदर सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी थापा नगला, कोतवाली बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को 75 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ दबोचा गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी, अपर उपनिरीक्षक तनवीर आलम, अपर उपनिरीक्षक लेखराज सिंह, कांस्टेबल मनोज द्विवेदी, किशन नाथ, अमनदीप सिंह और स्वरूप सिंह शामिल रहे।
रामनगर में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, बाइक के वाइजर में छिपा रखा था नशा
रामनगर। उधर, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रामनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए 7.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
चेकिंग के दौरान शिवलालपुर तिराहा से आगे हिल टाउन होटल के पास काशीपुर-रामनगर रोड पर पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली तो मोटरसाइकिल संख्या यूके 06 वी-2398 के वाइजर से काले रंग की पन्नी में छिपाकर रखी गई 7.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
काशीपुर से स्मैक खरीदकर लाने का दावा, खुद भी करते थे सेवन और महंगे दाम पर बेचते थे
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे स्मैक काशीपुर से खरीदकर लाए थे। इसका कुछ हिस्सा स्वयं सेवन करते थे, जबकि शेष स्मैक को अधिक कीमत पर बेचते थे।
पुलिस ने मामले में विजय नेगी पुत्र कमल सिंह, उम्र 22 वर्ष, निवासी धोबीघाट, गुल्लरघट्टी, रामनगर, जनपद नैनीताल और मोहम्मद आलम पुत्र इश्क अहमद, उम्र 25 वर्ष, निवासी कदीमा मस्जिद के पास, रामनगर, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार किया है।
नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धाराओं में मुकदमा
रामनगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21/27/60 नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस ने 7.34 ग्राम अवैध स्मैक और मोटरसाइकिल संख्या यूके 06 वी-2398 बरामद की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, उपनिरीक्षक ललित पांडे, हेड कांस्टेबल गगन भंडारी, कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह शामिल रहे।
कालाढूंगी और रामनगर में हुई इन दोनों कार्रवाइयों ने साफ कर दिया है कि नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एक तरफ कच्ची शराब की खेप पकड़ी गई तो दूसरी तरफ मोटरसाइकिल में छिपाकर स्मैक ले जा रहे दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार हो रही कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।


