➠ लिटरेचर फेस्टिवल में 17 टीमों ने बिखेरा संस्कृति का जलवा
➠ ‘द मेडिकल हॉल’ के सौजन्य ग्रीन हिल्स ट्रस्ट का आयोजन

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां लिटरेचर फेस्टिवल के चौथे संस्करण के तहत ग्रीन हिल्स ट्रस्ट के तत्वावधान ‘द मेडिकल हॉल अल्मोड़ा’ के सौजन्य से उत्तराखंडी संस्कार गीत प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। इसमें शामिल 17 टीमों ने पूरे वातावरण को संस्कार गीतों के स्वरों गुंजायमान कर दिया और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को जीवंत कर डाला। इसमें माया जोशी व हेमा पांडे की जोड़ी ने मधुर कंठ से मनमोहक प्रस्तुति देकर पहला स्थान पाया।
प्रतियोगिता में विमला तिवारी एवं बीना जोशी की टीम को दूसरा स्थान मिला, जबकि दो टीमों को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाया। तीसरे नंबर पर हेमलता वर्मा व मुक्ता बिष्ट तथा प्रभा बोरा व लीला तिवारी की टीम रही। प्रतियोगिता में 17 टीमों के कुल 34 प्रतिभागियों ने पारंपरिक वेशभूषा में प्रतिभाग किया और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं को स्वर प्रदान किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट की प्रमुख डॉ. वसुधा पंत ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, संस्कार गीतों एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रो. आराधना शुक्ला तथा अति विशिष्ट अतिथि मीरा जोशी रहीं, जबकि मूल्यांकन कार्य गोकुल बिष्ट, लता पांडे एवं शीला पंत ने किया। विशिष्ट अतिथियों में बाल प्रहरी के संपादक उदय किरौला, अशोक पंत, पीसी तिवारी, प्रो. विजय पांडे, अनिल सनवाल, दिनेश पांडे एवं मनमोहन चौधरी शामिल रहे। संचालन मीनाक्षी पांडे ने किया। कार्यक्रम में मीता उपाध्याय, भूषण पांडे, दीपक जोशी, दीपा गुप्ता एवं मनोज गुप्ता आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन उत्तराखंडी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ हुआ।



