HomeUttarakhandNainitalसोशल मीडिया शिकायत पर प्रशासन हरकत में: नैनीझील में चला वृहद सफाई...

सोशल मीडिया शिकायत पर प्रशासन हरकत में: नैनीझील में चला वृहद सफाई अभियान

झील में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। सोशल मीडिया पर नैनीझील क्षेत्र में गंदगी फैलने की शिकायत सामने आते ही जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शनिवार को बृहद सफाई अभियान चलाया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नैनीताल के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद नैनीताल और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने लगभग दो घंटे के विशेष अभियान में झील और उसके आसपास फैली गंदगी को साफ कराया।

ADVERTISEMENTSAd

अभियान के दौरान झील के किनारों तथा जल क्षेत्र में जमा प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाकर उसका नियमानुसार निस्तारण किया गया। प्रशासन का कहना है कि नैनीझील की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे।

नालों की सफाई पर विशेष जोर

प्रभारी जिलाधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने नगर पालिका एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि झील की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नैनीझील जनपद की पहचान और पर्यटन की धरोहर है, इसलिए इसकी स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने उपजिलाधिकारी नैनीताल को सफाई कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को नगर क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाने तथा विशेष रूप से उन नालों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा, जिनका पानी नैनीझील में गिरता है।

गंदगी फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रभारी जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति झील या नालों में कूड़ा अथवा अन्य गंदगी फेंकते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि नैनीझील की स्वच्छता बनाए रखना नगर पालिका और सिंचाई विभाग की संयुक्त जिम्मेदारी है तथा सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जनता से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नैनीझील एवं नालों में कूड़ा न डालें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments