सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बेस्ट रनर्स यूएसए मनोज बिष्ट एवं हवालबाग ब्लाक के चयनित 10 विद्यालयों में संबंधित प्रधानाचार्यों के सहयोग से एक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। भाषण का विषय ‘सेव सॉइल’ (मिट्टी बचाओ) रखा गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में धरा एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

यह जानकारी देते हुए पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कालेज हवालबाग के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल ने बताया कि मिट्टी बचाना सबसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक है, क्योंकि स्वस्थ मिट्टी ही भोजन, जल, जैव विविधता और जलवायु स्थिरता का आधार है। ज्यादातर लोग मिट्टी को केवल धूल या गंदगी समझते हैं, लेकिन सच यह है कि मिट्टी एक जीवित पारिस्थितिकी तंत्र है, जिसमें अरबों सूक्ष्मजीव, कवक, कीड़े और कार्बनिक पदार्थ मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि यही जागरूकता लाने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता रखी गई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता सीनियर व जूनियर वर्ग में होगी। सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 और जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तक के बच्चे शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि हर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में प्रस्तावित ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि विद्यालय और ब्लाक स्तर पर प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को बेस्ट रनर्स की ओर से आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। डा. नयाल ने बताया कि विद्यालयों में प्रतियोगिता इस माह के अंतिम सप्ताह और ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता अगस्त माह में कराई जाएगी। जिसकी तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।



