HomeAccidentअल्मोड़ा—हल्द्वानी हाईवे पर हादसा, कार पर गिरा विशालकाय बोल्डर

अल्मोड़ा—हल्द्वानी हाईवे पर हादसा, कार पर गिरा विशालकाय बोल्डर

लोहाली के पास हुई घटना, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त

सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। अल्मोड़ा—हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नैनीताल जनपद के लोहाली क्षेत्र अंतर्गत अचानक पहाड़ी से विशालकाय बोल्डर और पत्थर भरभराकर सड़क पर आ गिरे। गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और तत्काल वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गया। चालक की सतर्कता और सूझबूझ के चलते उसकी जान बच गई, हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ADVERTISEMENTSAd

प्राप्त जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रही एक कार जैसे ही लोहाली के समीप पहुंची, तभी चालक की नजर पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थरों पर पड़ी। खतरे को भांपते हुए उसने बिना देर किए कार को सड़क किनारे रोक दिया और वाहन से उतरकर पीछे की ओर दौड़ गया। कुछ ही क्षण बाद पहाड़ी से एक विशालकाय बोल्डर सीधे कार पर आ गिरा, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि चालक कुछ सेकंड भी देर कर देता या वाहन में अन्य यात्री बैठे होते तो यह हादसा बेहद भयावह साबित हो सकता था। संयोगवश उस समय कार में चालक के अलावा कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बोल्डर गिरने से मार्ग पर भी कुछ समय तक आवाजाही प्रभावित रही।

बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि वर्षा के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है, क्योंकि कभी भी चट्टानें और बोल्डर गिर सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अल्मोड़ा—हल्द्वानी हाईवे के भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से जनहानि को रोका जा सके।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments