घास मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दबोचा आरोपी
CNE REPORTER, हल्द्वानी। चौकी मंगलपड़ाव पुलिस ने चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए चोरी हुई स्कूटी बरामद कर ली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद की। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस चौकी मंगलपड़ाव क्षेत्र से स्कूटी संख्या UK04AC0373 चोरी हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कूटी की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घास मंडी, मंगलपड़ाव क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को स्कूटी के साथ रोककर पूछताछ की।
जांच में स्कूटी चोरी की निकली, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सौरभ आर्या को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सौरभ आर्या पुत्र योगेश आर्या, निवासी बागजाला, गोलापार, थाना काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
चोरी की स्कूटी बरामद करने और आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में चौकी मंगलपड़ाव के उपनिरीक्षक (एसआई) दीपक सिंह कार्की, कांस्टेबल संतोष बिष्ट तथा कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



