➤ चितई की प्रगतिशील किसान लता कांडपाल के खेतों में पहुंची उद्यान महकमे की टीम
➤ मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार बोले- ‘प्रेरणादायी हैं इनके काम’

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: निकटवर्ती चितई की प्रगतिशील महिला काश्तकार लता कांडपाल के कृषि एवं औद्यानिक कार्यों का निरीक्षण करने मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में उद्यान विभाग की टीम पहुंची और उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके कृषि नवाचार प्रेरणादायी हैं।
मुख्य उद्यान अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार ने किसान लता कांडपाल द्वारा उद्यान एवं कृषि में किए जा रहे नवाचारों और प्रयोगों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों एवं उद्यान में अपनाई गई कार्यशैली को परखा और लता के कार्यों व नये प्रयोगों को खूब सराहा। इस दौरान डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा कि लता कांडपाल द्वारा किए जा रहे प्रयोग प्रेरणादायक हैं और उनके प्रयास अन्य किसानों के लिए उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों को अपनाकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। उन्होंने विभाग की ओर से लता कांडपाल को हर संभव सहयोग एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान उद्यान निरीक्षक किशन सिंह बिष्ट तथा गौरी दत्त जोशी भी मौजूद रहे। इस दौरान उद्यान महकमे के अधिकारियों ने क्षेत्र में उद्यान एवं कृषि विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए किसानों को नवीन तकनीकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया।


