➤ जिले के प्रभारी मंत्री ने एक-एक कर गिनाई सरकार की उपलब्धियां

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: प्रदेश के कैबिनेट व जिला प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भाजपा पार्टी कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यहां प्रेसवार्ता आयोजित करके सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर है और मोदी सरकार विश्वास, विकास और राष्ट्रवाद की भावना के साथ कार्य कर रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गरीब कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को देशभर में जनता का समर्थन मिल रहा है, जिसका परिणाम विभिन्न राज्यों के चुनावों में पार्टी की जीत के रूप में सामने आ रहा है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं पहले से अधिक मजबूत हुई हैं। पाकिस्तान और चीन सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, जिससे देश सुरक्षित महसूस कर रहा है। कैड़ा ने कहा कि मोदी सरकार हिंदुत्व और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य कर रही है तथा भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने तमाम उपलब्धियां गिनाते हुए महंगाई के मुद्दे पर कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमतें समय और आय के अनुरूप बढ़ी हैं तथा लोगों की आय में भी वृद्धि हुई है। प्रभारी मंत्री ने उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए विशेष सुविधाओं की आवश्यकता पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पांचवीं अनुसूची और पर्वतीय राज्यों के संदर्भ में नीति आयोग स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है कि उत्तराखंड को विशेष सुविधाएं किस प्रकार मिल सकें। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, सुरेश गड़िया, दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, भूपेश उपाध्याय व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, प्रकाश साह, घनस्याम जोशी मौजूद रहे।


