➤ डीएम ने की उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज नवीन कलक्ट्रेट सभागार में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के संबंध में बैठक आयोजित हुई। जिसमें डीएम ने तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल संचालन हेतु नियुक्त सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं का पूर्व सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं जैमर की कार्यशीलता का पूर्व परीक्षण कर लिया जाए। परीक्षा अवधि के दौरान उनकी निगरानी सतत एवं सख्ती के साथ सुनिश्चित की जाए, जिससे परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनी रहे।
उन्होंने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी अधिकारी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल समन्वय स्थापित कर उसका समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित परीक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


