➤ औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने किया औषधी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर: औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र तथा गरुड़, बैजनाथ और चौरसौं क्षेत्र के विभिन्न औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में एक मेडिकल स्टोर में गंभीर अनियमितताएं मिलीं, इससे वहां औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
निरीक्षण अभियान के तहत सीएचसी बैजनाथ के औषधि भंडार का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान औषधियों की भंडारण व्यवस्था, तापमान एवं आर्द्रता नियंत्रण, स्टॉक प्रबंधन प्रणाली, अभिलेख संधारण, बैच-वार ट्रेसबिलिटी, एक्सपायरी मॉनिटरिंग, ई-औषधि पोर्टल तथा औषधियों के सुरक्षित वितरण संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र, सीएचसी बैजनाथ में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, गुणवत्ता संरक्षण उपायों तथा लाभार्थियों को दवा वितरण प्रक्रिया का भी मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण अभियान के दौरान बैजनाथ, गरुड़ और चौरसौं क्षेत्र के विभिन्न खुदरा एवं थोक औषधि प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। यहां औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, लाइसेंस संबंधी प्रावधानों के अनुपालन, भंडारण मानकों, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और अन्य नियामकीय आवश्यकताओं की समीक्षा की गई। एक औषधि प्रतिष्ठान में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 के तहत गंभीर अनियमितताएं मिलने पर वहां औषधियों के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई। संबंधित प्रतिष्ठान को कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक एवं निवारक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक अनुपालन होने तक यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।


