CNE REPORTER, ढोकाने (नैनीताल) : पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज (ए०यू०जी०आई०सी०) ढोकाने में चल रहे सात दिवसीय समर कैंप का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पीटीए अध्यक्षा कुसुम आर्या उपस्थित रहीं। इस दौरान वक्ताओं ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर कैंप के आयोजन को बेहद उपयोगी बताया।

समारोह के दौरान प्रेरणादायक संबोधन में पीटीए अध्यक्षा कुसुम आर्या, कोऑर्डिनेटर हेम चंद्र आर्या, अभिभावकों और विद्यालय के गुरुजनों ने बच्चों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने तथा कौशल विकास के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समर कैंप का हिस्सा रहे छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक मंच पर आकर सात दिनों के अपने बेहतरीन और सीखे गए अनुभवों को सभी के साथ साझा किया।
समापन के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा कई तरह के रंगारंग और रचनात्मक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों द्वारा काफी सराहा गया। इसके बाद कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र बांटे गए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन प्रसाद ने कैंप के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को धन्यवाद देते हुए समर कैंप के आधिकारिक समापन की घोषणा की। समारोह की अध्यक्षता कुसुम आर्या ने की तथा कार्यक्रम का संचालन हेम चंद्र आर्या द्वारा किया गया। इस अवसर पर मनोज गैड़ा, मोहन चन्द्र जोशी, मनोज पंत, हिमांशु, भीम सिंह बिष्ट सहित कई अभिभावक भी उपस्थित रहे।


