➤ एनएच पर मुसीबत देख खुद क्वारब पहुंचे जिलाधिकारी अल्मोड़ा
➤ हालात का जायजा लिया और कार्यों की बारीकी परख दिए निर्देश

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग के क्वारब में बने संकट के मद्देनजर जिलाधिकारी अंशुल सिंह आज मौका मुआयना को खुद पहुंचे। उन्होंने मुख्य सड़क पर मुसीबत बने स्थल और क्वारब में वैकल्पिक डोबा-चौसली मार्ग का निरीक्षण किया। वहां चल रहे कार्यों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि साप्ताहिक प्रगति योजना बनाकर कार्य किया जाए और तेजी से काम हो, इसके लिए मशीनें एवं कार्यबल बढ़ाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सोमवार को क्वारब में वैकल्पिक बाईपास मार्ग तथा राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर वर्षा के बाद मार्गों की स्थिति एवं संचालित कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ व्यापार मंडल के प्रतिनिधि भी रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को मुख्य मार्ग के सुधार के कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजमार्ग पर आवागमन को जल्द सुचारू करने के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। जिलाधिकारी ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ट्रैफिक की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति में जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को असुविधा नहीं होने पाए, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस मौके पर व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने मार्ग निर्माण कार्यों, यातायात संचालन एवं स्थानीय समस्याओं के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव समाधान करने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत के कर्मचारी आदि शामिल रहे।


