✸ अल्मोड़ा में प्रतिष्ठान बंद रख दवा व्यवसायियों ने सफल बनाई हड़ताल
✸ ऑनलाइन डिस्काउंट को लेकर भी बोला हल्ला, दवा का बना रहा संकट


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां महानगर समेत पूरे जनपद में बुधवार को दवा कारोबार पूरी तरह ठप रहा। वजह थी कि ऑल इंडिया आर्गेनाइजेशन ऑफ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट द्वारा आहूत देशव्यापी हड़ताल एवं उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ के आह्वान पर जनपद के सभी दवा व्यवसायी हड़ताल पर उतरे। दवा प्रतिष्ठान बंद रहे और दवा व्यवसायियों ने धरना व नारेबाजी कर सांकेतिक प्रदर्शन किया और सभा कर आवाज बुलंद करते हुए गुस्सा उगला। उन्होंने ऑनलाइन दवा बिक्री का विरोध तथा कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दिए जा रहे भारी डिस्काउंट का पुरजोर विरोध किया। दवा प्रतिष्ठान बंद रहने से औषधियों के लिए मरीज परेशान रहे।
हड़ताल के चलते महानगद के सभी दवा व्यवसायी चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में जुटे और उन्होंने वहां धरना देते हुए सभा की। इस दौरान अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सांकेतिक प्रदर्शन किया। महासंघ के पदाधिकारियों ने ऑनलाइन दवा वितरण की प्रणाली, बड़े कॉर्पोरेट्स द्वारा भारी डिस्काउंट देने एवं नशीली दवाओं का सुगमता से बाहरी व्यक्तियों को उपलब्धता पर सवालिया निशान लगाए। वक्ताओं ने कहा कि आनलाइन दवा वितरण प्रणाली को तथाकथित फार्मेसियों द्वारा अपनाए जाने के फलस्वरूप सभी मध्यम व छोटे केमिस्टों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा कई केमिस्ट बड़े कॉर्पोरेट्स द्वारा संचालित ऑनलाइन फार्मेसी के माध्यम से भारी डिस्काउंट देकर दवा काराबोर को अपने हाथ में समेटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दवा व्यवसाय से तमाम नवयुवक जुड़े है, जो इससे अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे, मगर जो हालात पैदा कर दिए हैं, उससे उन नवयुवकों पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है।
आंदोलित दवा व्यवसायियों ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि इस हड़ताल से दवा व्यवसाय से जुड़े लाखों मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की नौकरी खतरे में आ गईं है, क्योंकि वह अपनी कंपनियों को उचित टारगेट नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि औद्योगिक घराने द्वारा संचालित तथाकथित ऑनलाइन फार्मेसियों पर शिकंजा कसा जाना बेहत जरूरी है। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद अंत में दो मिनट का मौन रखकर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा में संस्था के पदाधिकारी प्रांतीय अध्यक्ष बहादुर सिंह मनकोटी, महासंघ के नगर अध्यक्ष आशीष वर्मा, प्रतिष्ठित दवा व्यवसायी राघव पंत, गिरीश उप्रेती, दीप वर्मा, गगन जोशी, जगदीश पंत, कस्तूरी लाल, वीरेंद्र बृजवाल, देवेश पंत, सुभाष कर्नाटक, अक्षय भट्ट, भुवन गुरुरानी, महेंद्र जोशी, देवेंद्र मेहरा, गजेंद्र सिंह, हरीश जोशी, ओमप्रकाश जोशी, दीक्षा तिवारी, चंदन मेर, चंदन बिष्ट, मनीष तिवारी समेत अनेक दूरस्थ क्षेत्रों के दवा विक्रेता शामिल रहे।


