HomeUttarakhandAlmoraरानीखेत : सरकार की नीतियों के खिलाफ फूटा कांग्रेस का आक्रोश, पुतला...

रानीखेत : सरकार की नीतियों के खिलाफ फूटा कांग्रेस का आक्रोश, पुतला दहन

गांधी चौक पर जुटे कांग्रेसी, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ी: करन माहरा

सीएनई रिपोर्टर, रानीखेत। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के आसमान छूते दामों तथा NEET पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर रानीखेत कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (CWC) के सदस्य व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। कांग्रेसियों ने सरकार की गलत नीतियों की तीखी आलोचना करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।

ADVERTISEMENTSAd Ad

रविवार को रानीखेत के ऐतिहासिक गांधी चौक पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस जन और पदाधिकारी एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पूरा बाजार क्षेत्र सरकार विरोधी नारों से गूंज उठा, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से भाजपा सरकार के पुतले को आग के हवाले कर अपना विरोध दर्ज कराया।

पुतला दहन के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि करन माहरा ने कहा कि आज देश में महंगाई ने आम इंसान का जीना मुहाल कर दिया है। पेट्रोल-डीजल और घरेलू रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने छोटे व्यापारियों, टैक्सी चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और दुकानदारों की रोजी-रोटी पर गहरा संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जो मध्यमवर्गीय और छोटे कारोबारी कभी सम्मान के साथ अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, आज वे घर का दैनिक खर्च चलाने के लिए भी मोहताज हैं। बाजारों से रौनक गायब है, आम आदमी की जेब पूरी तरह खाली हो चुकी है, लेकिन सरकार जनता को राहत देने के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है।

NEET पेपर लीक देश के युवाओं के सपनों की हत्या

NEET परीक्षा के पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार को घेरते हुए करन माहरा ने इसे देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य के साथ क्रूर मजाक बताया। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे दिन-रात मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं। उनके माता-पिता कर्ज लेकर उनकी पढ़ाई का खर्च उठाते हैं, लेकिन इस भ्रष्ट व्यवस्था ने चंद रुपयों के लिए पेपर लीक करवाकर युवाओं के भरोसे और आत्मविश्वास को तोड़ दिया है। यह केवल एक परीक्षा का पेपर लीक होना नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के सपनों और उनके भविष्य की सोची-समझी हत्या है।

प्रदर्शन में शामिल अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी सरकार की नीतियों को जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा निराश होगा, छोटे व्यापारी भुखमरी की कगार पर पहुंचेंगे और आम जनता महंगाई से त्रस्त रहेगी, तब देश के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों को तत्काल कम किया जाए, छोटे व्यापारियों को विशेष राहत पैकेज दिया जाए और NEET पेपर लीक घोटाले की समयबद्ध व निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।

विरोध प्रदर्शन में रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों से वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, पी०सी०सी० सदस्य कैलाश पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह अधिकारी, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, चिलियानौला नगर अध्यक्ष कमलेश बोरा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, अगस्त लाल साह, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, कार्यालय प्रबंधक रमेश पंत शामिल हुए।

इसके साथ ही पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कल्पना आर्या, पूर्व व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दीपक पंत, पूर्व व्यापार मंडल उपसचिव विनीत चौरसिया, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी, महिला नगर महासचिव कुसुम जोशी, यूथ ज़िला उपाध्यक्ष अंकित रावत, यूथ ज़िला महासचिव अरसलान शेख़, यूथ ब्लॉक अध्यक्ष नीरज रावत, संदीप बंसल, अजय कुमार बबली, हबीब अहमद, पंकज गुरुरानी, त्रिलोक आर्या, दीप उपाध्याय, विजय तिवारी, हेमंत बिष्ट, मुन्नी देवी, ममता देवी, कमला देवी, राजू, चन्दू, राजेन्द्र वाल्मिकी, मीनू डाबर, अंजू बोरा, स्वाति बंसल, प्रेमा रावत, कृपाल सिंह, राजेन्द्र कुमार, दीपक सोंटियाल, पारस खत्री, मोहित बिष्ट, आदित्य कुमार, आशीष सोंटियाल, अभिनव माहरा, पंकज, दीक्षांत और मो० सिराज सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments