पुलिस जांच में हुआ खुलासा
भवाली में वाहनों से हटवाई गई ब्लैक फिल्म
सीएनई रिपोर्टर, रामनगर/भवाली। नैनीताल जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने दो बड़ी कार्यवाहियां की हैं। एक ओर जहां रामनगर के ‘कोसी कैफे होमस्टे’ में नाबालिगों के संरक्षण में बरती गई लापरवाही और संदिग्ध गतिविधियों के चलते उसका पंजीकरण निरस्त कर सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, वहीं दूसरी ओर भवाली क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाकर काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) उतरवाई गई।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉक्टर मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और बाल संरक्षण के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। रामनगर क्षेत्रांतर्गत संचालित ‘कोसी कैफे होमस्टे’, कानिया के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उक्त होमस्टे में नाबालिगों को बिना वैध पहचान पत्रों के ठहराया जा रहा था और वहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस को आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी नैनीताल को विस्तृत आख्या प्रेषित की। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने त्वरित कार्यवाही करते हुए होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर उसे सीज करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
इसी अभियान के दूसरे चरण में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉक्टर जगदीश चंद्र एवं क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी (अंडर ट्रेनिंग) अंकित थपलियाल के नेतृत्व में भवाली पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, उपनिरीक्षक और भवाली पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान जिन वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगी थी, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, होटलों और ढाबों में भी लगातार चेकिंग की जा रही है ताकि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जा सके।


