अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे कमांडो कविंद्र
सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी

सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के भनार क्षेत्र के लिए गुरुवार का दिन अत्यंत दुखद रहा। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जांबाज जवान कविंद्र राम का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ड्यूटी के दौरान देश की सेवा करते हुए प्राण न्यौछावर करने वाले इस युवा कमांडो को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।


मात्र 26 वर्ष की अल्पायु में दुनिया को अलविदा कह देने वाले कविंद्र राम पुत्र भीम राम, आईटीबीपी की 58वीं बटालियन में कमांडो के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने वर्ष 2025 में ही सेना में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। वर्तमान में उनकी तैनाती सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अरुणाचल प्रदेश में थी, जहाँ ड्यूटी के दौरान उनका आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पटोरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में सन्नाटा पसर गया।

गांव से सरयू घाट तक उमड़ा जनसैलाब
गुरुवार को जब शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पटोरी पहुँचा, तो हर आंख नम थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं ग्रामीणों में अपने वीर सपूत को खोने का गहरा दुख दिखाई दिया। गांव से शुरू हुई अंतिम यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। देशभक्ति के नारों और भारी मन के साथ शव को बागेश्वर स्थित सरयू-गोमती संगम तट पर लाया गया।
कविंद्र राम को अंतिम विदाई देने के लिए आईटीबीपी की पिथौरागढ़ मिर्थी इकाई से जवानों का एक दस्ता सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुँचा था। संगम तट पर सेना के जवानों ने सशस्त्र सलामी देकर अपने साथी को विदाई दी। पूरे सैन्य सम्मान और विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आँखें इस होनहार युवा की असमय विदाई पर भीग गईं।
अविवाहित थे कविंद्र, परिवार में बचा है भरा-पूरा कुनबा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कविंद्र राम अभी अविवाहित थे और अपने करियर के शुरुआती दौर में ही थे। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई, भाभी और उनके दो बच्चे हैं। परिवार को अपने बेटे की उपलब्धि पर गर्व तो है, लेकिन उसके चले जाने का गम असहनीय बना हुआ है।
जवान की अंतिम यात्रा और संस्कार के दौरान भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल वेद प्रकाश जोशी और जिला पंचायत सदस्य बलवंत राम सहित सुरेंद्र खेतवाल और कुंदन कोरंगा ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा जनपद और देश उनके साथ खड़ा है।


