जल्दबाजी और संकरी सड़कें बनीं मुसीबत का सबब
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। नगर की संकरी सड़कों पर आए दिन लगने वाला ‘जाम का झाम’ अब जानलेवा साबित होने लगा है। गुरुवार को एसबीआई तिराहे के पास एक ऐसी ही घटना सामने आई, जहां एक स्कूटी सवार दो बड़े वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गया। गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और ब्रेक लगा दिए, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।



नगर में सड़कों के संकरी होने और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। चटक धूप और गर्मी के कारण भी लोगों में धैर्य की कमी देखी जा रही है। हर कोई जल्द से जल्द अपने गंतव्य—चाहे वह कार्यालय हो, दुकान हो या घर—पहुंचने की फिराक में रहता है। यही जल्दबाजी अक्सर दुर्घटनाओं को दावत दे रही है। एसबीआई तिराहे पर हुई यह घटना भी इसी आपाधापी का परिणाम थी।
रोडवेज बस और कार के बीच फंसे फड़ व्यापार समिति अध्यक्ष
घटना के अनुसार, फड़ व्यापार समिति के अध्यक्ष किशन राम अपनी स्कूटी से गोमती पुल की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रही एक कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। अभी वह कार के बगल में पहुंचे ही थे कि सामने से एक रोडवेज बस तेज गति से आ गई। जगह कम होने के कारण किशन राम अपनी स्कूटी समेत बस और कार के बीच वाले संकरे गैप में फंस गए। उस वक्त स्थिति ऐसी थी कि जरा सी भी चूक होने पर उनकी जान जा सकती थी।
कार चालक की सूझबूझ ने बचाई जान
जब किशन राम दोनों वाहनों के बीच फंसे, तो कार चालक ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को भांपा और अपने वाहन को वहीं रोक दिया। कार चालक की इसी त्वरित प्रतिक्रिया के कारण स्कूटी सवार कुचलने से बच गए। यदि कार गति में रहती, तो किशन राम अनियंत्रित होकर बस के नीचे आ सकते थे।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां तैनात होमगार्ड, यातायात पुलिस के जवानों और स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद किशन राम को सुरक्षित तरीके से दोनों वाहनों के बीच से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मचा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह पूरी तरह से ईश्वरीय कृपा और कार चालक की सावधानी थी कि किशन राम आज सुरक्षित हैं। यातायात पुलिस ने एक बार फिर वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने और संकरी सड़कों पर ओवरटेक न करने की अपील की है।


