►► सुराज सेवा दल ने लगाया था लाखों के गबन का आरोप
►► चेतावनी: जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन


सीएनई रिपोर्टर, हरिद्वार: जिला अंतर्गत गबन होने की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से सुराज सेवा दल बेहद खफा है। दल ने यह आरोप लगाते हुए एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं संबंधित गांव के प्रधान के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। दल का आरोप है कि एफआईआर को 07 माह बीत गए, मगर मामला ठंडे बस्ते में पड़ा है। इसी क्रम में सुराज सेवा दल ने एसएसपी हरिद्वार को ज्ञापन सौंप चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई, तो प्रदेश व्यापी आंदोलन होगा।
मामले के मुताबिक सुराज सेवा दल ने जिले लक्सर ब्लाक के ग्राम पंचायत अकौड़ा खुर्द के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान पर गबन करने का आरोप लगाया और मामले पर एफआईआर भी दर्ज कराई। जब महीनों गुजरने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो अब दल की ओर से एसएसपी हरिद्वार को ज्ञापन सौंपकर जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सुराज सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद 7 महीने बीत चुके हैं, मगर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि मामला लाखों रुपये के गबन का है। जोशी ने यह आरोप भी लगाया है कि संबंधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को नेताओं का भी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा है कि सुराज सेवा दल इस अन्याय को सहन नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस पूरे प्रकरण पर उचित कार्रवाई नहीं हुई और आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो सुराज सेवा दल प्रदेश व्यापी आंदोलन करने को मजबूर होगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी।


