संयुक्त पुलिस टीम ने संभाली सुरक्षा और फिटनेस की कमान
सीएनई रिपोर्ट, हल्द्वानी। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वीकेंड के दौरान नैनीताल, कैंची धाम, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर, मुखानी एवं कालाढूंगी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात रहा।


पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों पर यातायात का संचालन सुचारु रूप से कराया जा रहा है ताकि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़कों पर रौब झाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान वाहनों में काले शीशे, अवैध अथवा भ्रामक नंबर प्लेट और मोटर व्हीकल एक्ट के विरुद्ध जाकर किए गए संशोधनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 24BH4047A, UP14GQ9191 और UP14GV0008 में काली फिल्म पाए जाने पर चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक वाहन पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्वस्थ पुलिसिंग के लिए कालाढूंगी में विशेष योग सत्र का आयोजन
“फिट पुलिस-स्वस्थ पुलिस” अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का पालन करते हुए कालाढूंगी पुलिस ने एक नई पहल की है। पुलिस कर्मियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कोतवाली कालाढूंगी में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। योगाचार्य दीपक सैनी ने पुलिस बल को तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योगाभ्यास के महत्व को विस्तार से समझाया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता में वृद्धि करना और उन्हें सकारात्मक ऊर्जा के साथ जनसेवा के लिए तैयार करना है।
जनसेवा और फिटनेस के प्रति पुलिस का संकल्प
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने जनपद के सभी पुलिस कर्मियों को फिट रखने के लिए समय-समय पर इस तरह के फिटनेस कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कालाढूंगी पुलिस ने भविष्य में भी मानसिक स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस को ध्यान में रखते हुए निरंतर योग सत्र आयोजित करने का संकल्प लिया है। इस पूरे अभियान को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में यातायात पुलिस, सिटी पेट्रोल यूनिट और थाना पुलिस की टीम ने एक साथ मिलकर सक्रिय भूमिका निभाई।


