HomeAccidentरानीखेत ब्रेकिंग : मकान की छत पर गिरी बारात में आई कार;...

रानीखेत ब्रेकिंग : मकान की छत पर गिरी बारात में आई कार; चालक की मौत

अल्मोड़ा/रानीखेत। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज बुधवार तड़के रानीखेत-चौबटिया मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक अनियंत्रित वैगनआर कार सड़क से करीब 20 मीटर नीचे एक ग्रामीण के मकान की छत पर जा गिरी। इस हृदयविदारक घटना में कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

यह दुखद घटना आज सुबह करीब 3:15 बजे की है। ग्राम देहोली (पोस्ट चौबटिया) में उस वक्त सन्नाटा पसरा था, जब अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी। रानीखेत-चौबटिया मार्ग पर जा रही वैगनआर कार संख्या UK02-TA-3159 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से लगभग 15-20 मीटर नीचे स्थित श्री लाल सिंह के मकान की छत पर जा गिरी।

हादसे के वक्त कार में केवल चालक भुवन प्रसाद (32 वर्ष), पुत्र गोपाल राम सवार था। वह मूल रूप से ग्राम मटेला, काफलीगैर (जिला बागेश्वर) का निवासी था। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भुवन कार से छिटककर पत्थर की छत पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट आने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्राकृतिक आपदा समझ सहम गया परिवार

जिस वक्त कार लाल सिंह के मकान की छत पर गिरी, परिवार के सदस्य अंदर सो रहे थे। रात के समय मौसम खराब होने के कारण परिजनों को लगा कि शायद कोई पहाड़ टूट गया है या बड़ी प्राकृतिक आपदा आई है। जब वे घबराकर बाहर निकले, तो अपनी ही छत पर कार को पलटा हुआ देख दंग रह गए। इस हादसे में मकान को भी काफी नुकसान पहुँचा है।

बारात लेकर आया था मृतक चालक

जानकारी के अनुसार, भुवन प्रसाद पेशे से टैक्सी ड्राइवर था और मंगलवार शाम को बागेश्वर से एक बारात लेकर ताड़ीखेत ब्लॉक के शिवाली गांव आया था। बुधवार तड़के जब वह चौबटिया रोड की ओर जा रहा था, तभी देहोली के पास एक तीखे मोड़ पर वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही चौबटिया चौकी प्रभारी राजकुमार और एसआई फिरोज खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय, रानीखेत भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे रानीखेत के लिए रवाना हो चुके हैं। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments