HomeUttarakhandBageshwarमिलावटखोरों पर नकेल: खाद्य सुरक्षा विभाग ने 24 नमूने लैब भेजे

मिलावटखोरों पर नकेल: खाद्य सुरक्षा विभाग ने 24 नमूने लैब भेजे

फलों और सब्जियों की गुणवत्ता पर विशेष नजर

कौसानी के होटलों में मिली खामियां, बासी भोजन नष्ट कराया

CNE REPORTER, बागेश्वर। बढ़ती गर्मी और पर्यटन सीजन के मद्देनजर बागेश्वर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पर्यटकों की आमद और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमों ने नगर के मुख्य बाजारों से लेकर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कौसानी तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से व्यापारियों और होटल व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है।

ADVERTISEMENTSAd Ad

आयुक्त खाद्य सुरक्षा और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, सहायक आयुक्त एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मुख्य बाजार की फल और सब्जी दुकानों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने विशेष रूप से आम, केला और पपीता जैसे फलों को रसायनों (कैल्शियम कार्बाइड आदि) से पकाने और हरी सब्जियों में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल की जांच की। संदेह होने पर फल-सब्जियों के 6 और अंडों के 2 नमूने एकत्र कर जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए गए हैं।

पर्यटन सीजन के चलते कौसानी के 10 प्रमुख होटलों, रिसॉर्ट्स और रेस्तरां में औचक छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के भंडारण में घोर लापरवाही पाई गई। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जूस की 4 बोतलें, मसालों के 3 पैकेट और डीप फ्रीजर में जमा कर रखा गया बासी चावल, दाल व चिकन नष्ट करवा दिया। संबंधित संचालकों को फटकार लगाते हुए अंतिम चेतावनी जारी की गई है।

नियमों के उल्लंघन पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, प्रकाश फुलारा ने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों के खराब होने और मिलावट की संभावना प्रबल रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि फलों को केमिकल से पकाना और सब्जियों में हानिकारक रंगों का प्रयोग ‘खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006’ के तहत गंभीर अपराध है। विभाग हर स्तर पर निगरानी रख रहा है और किसी भी सूरत में आम जनता व पर्यटकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

विभाग ने साफ कर दिया है कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में बागेश्वर नगर के अन्य मॉल, रेस्तरां और दूरस्थ क्षेत्रों के बाजारों में भी जांच की जाएगी। अधिकारियों ने व्यापारियों को प्राकृतिक तरीके से फल पकाने और स्वच्छता मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान भूपेंद्र देव समेत विभाग के अन्य कर्मचारी भी मुस्तैद रहे।

ADVERTISEMENTS
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments