टेंट व्यवसायी को लाखों का नुकसान
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर : बागेश्वर में रविवार को मौसम के बदले मिजाज ने खुशियों के रंग में भंग डाल दिया। अचानक आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने डिग्री कॉलेज मैदान में चल रही शादी की तैयारियों को तहस-नहस कर दिया। प्रकृति के इस रौद्र रूप के कारण न केवल आयोजन में बाधा आई, बल्कि टेंट व्यवसायी और आयोजकों को भारी आर्थिक चपत भी लगी है।


डिग्री कॉलेज मैदान में रविवार को एक परिवार के विवाह समारोह के तहत महिला संगीत का कार्यक्रम प्रस्तावित था। दोपहर तक सब कुछ सामान्य था और तैयारियां जोरों पर थीं। लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में काली घटाएं छा गईं और देखते ही देखते तेज अंधड़ के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि मैदान में सजाया गया भव्य टेंट ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।
तेज हवाओं ने मैदान में लगाए गए टेंट और पर्दों को उखाड़ फेंका। केवल मुख्य पंडाल ही नहीं, बल्कि भोजन तैयार करने के लिए बनाई गई अस्थाई रसोई (किचन) को भी भारी नुकसान पहुँचा है। किचन के ऊपर डाली गई लोहे की टीन की चादरें हवा में उड़कर दूर जा गिरीं। कार्यक्रम के लिए मंगाया गया फर्नीचर और अन्य सजावटी सामान भी बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे पूरा आयोजन स्थल मलबे के ढेर में तब्दील नजर आया।
इस प्राकृतिक आपदा का सबसे बड़ा असर टेंट व्यवसायी पर पड़ा है। टेंट व्यवसायी जगदीश कार्की ने अपना दुख साझा करते हुए बताया कि तेज हवाओं और बारिश ने उनके व्यवसाय को भारी चोट पहुँचाई है। उन्होंने कहा कि उनके पर्दे, कपड़े, टीन शेड और अन्य कीमती सामग्री पूरी तरह से नष्ट हो गई है। जगदीश कार्की के अनुसार, यह उनके लिए एक बड़ी आर्थिक क्षति है, जिसकी भरपाई करना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है।
जनजीवन अस्त-व्यस्त, आयोजक परेशान
बेमौसम हुई इस बारिश और ओलावृष्टि जैसी स्थिति ने जिले के सामान्य जनजीवन को भी प्रभावित किया है। शादी वाले घर में जहां उत्साह का माहौल था, वहां अब अफरा-तफरी और चिंता व्याप्त है। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने एक बार फिर पहाड़ की भौगोलिक चुनौतियों और बेमौसम मौसम के खतरों को उजागर कर दिया है। फिलहाल आयोजक वैकल्पिक व्यवस्थाओं में जुटे हैं, लेकिन भारी बारिश ने उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।


