► फायर यूनिट की टीमों ने तत्परता दिखाकर आग बुझाई और खतरा टाला


सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: इस बीच सूरज तपिश बढ़ने के साथ ही पहाड़ के जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। एक के बाद एक जंगल धूं धूं कर जल रहे हैं। जिससे धुंध का वातावरण बन रहा है और वनस्पतियां जलकर राख हो रही हैं। इसी क्रम में बीते बुधवार को तीन जगहों जंगल की आग आबादी की तरफ बढ़ने से खतरा पैदा हो गया था, मगर यथासमय फायर यूनिट की टीमों ने तीनों जगह पहुंचकर आग को आबादी तक पहुंचने से रोका। आग की यह घटनाएं निकटवर्ती विश्वनाथ, आरटीओ आफिस व मजखाली के पास घटी।
बीते बुधवार शाम फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली कि निकटवर्ती विश्वनाथ के पास जंगल में आग लगी है। सूचना मिलते ही फायर यूनिट तत्काल साजो सामान के साथ कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंची। जहां पाया कि आग विश्वनाथ के पास जंगल में लगी है, जो तेजी से आबादी वाले क्षेत्र की ओर फैल रही है। एफएस यूनिट ने वाहन के एमएफई से पंपिंग कर होजरील की सहायता से आग पर कड़ी मशक्कत से काबू पाया एवं पूर्ण रूप से बुझाकर आग को बढ़ने से रोका। इसमें फायर यूनिट के एलएफएम किशन सिंह, एफएस डीवीआर विपिन बड़ौला, एफएम दीपक मार्जार व प्रियांशु कुमार शामिल रहे।
बीते दिन ही शाम फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली कि आरटीओ ऑफिस अल्मोड़ा के पास जंगल में आग लगी है। तुरंत बाद फायर यूनिट तत्काल वाहन लेकर घटना स्थल के लिए रवाना हुई। पाया कि जंगल की आग आसपास स्थित घरों की तरफ बढ़ रही है। एफएस यूनिट ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मिनी हाई प्रेशर वाहन के पंपिंग कर होजरील की सहायता से आग बुझाना शुरू किया। गाड़ी की पहुंच तक आग को फायर यूनिट ने बुझाया, किंतु जहां गाड़ी पहुंचना संभव नहीं था, वहां वन विभाग की टीम को सूचित किया। आग बुझाने में एलएफएम अजब सिंह, एफएस डीवीआर योगेश शर्मा, एफएम प्रेम सिंह, डब्ल्यूएफएम पूजा थापा शामिल रहे। इसके अलावा मजखाली के निकट जंगल में आग लगने की सूचना मिलने पर फायर स्टेशन से टीम पहुंची। जहां पाया कि जंगल की आग तेजी से गांव की तरफ बढ़ रही है। फायर यूनिट ने होजरील फैलाकर आग पर पंपिंग कर आग को पूर्ण रूप से बुझाया। इस टीम में एलएफएम खीमानंद, डीवीआर राजकुमार, एफएम दिनेश सिंह, जयबीर सिंह व डब्ल्यू एफएम निकिता व लीला शामिल रहे।


