सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी : अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम कूल में परचून की दुकान की आड़ में अवैध शराब बेचने और पिलाने वाले एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अंग्रेजी और कच्ची शराब बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, उच्च अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में होटल, ढाबों और दुकानों में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पिलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज पुलिस टीम ने ग्राम कूल में औचक निरीक्षण किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने पाया कि नवीन चंद्र पुत्र धर्म राम, जो गांव में एक परचून की दुकान चलाता है, राशन की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा था। इतना ही नहीं, दुकान के भीतर लोगों को शराब पिलाने की व्यवस्था भी की गई थी।
पुलिस की छापेमारी में दुकान से 17 पव्वे मैकडॉवेल्स नंबर वन (McDowells No. 1) व्हिस्की, 32 पाउच माल्टा देसी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से शराब को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस टीम और वैधानिक कार्रवाई
आरोपी नवीन चंद्र के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित सदस्य शामिल रहे:
- उप निरीक्षक मनोज सिंह अधिकारी
- कांस्टेबल आनंद राणा
- कांस्टेबल गोपाल बिष्ट
स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


