ग्राम प्रधानों के हितों को मजबूत करने का संकल्प
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। जिले में ग्राम प्रधानों के हितों की आवाज को मजबूत करने और स्थानीय विकास को गति देने के उद्देश्य से प्रधान संगठन का गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जहां सर्वसम्मति से संगठन की नई कार्यकारिणी का चयन किया गया।
बैठक में दीपक सिंह खेतवाल को संगठन का जिलाध्यक्ष चुना गया, जबकि बहादुर सिंह खाती को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा संगठन में विपिन चंद्र, विजय गोस्वामी और योगेश सिंह धपोला को उपाध्यक्ष बनाया गया। महिला उपाध्यक्ष के रूप में इन्द्रा देवी को जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन की कार्यकारिणी में राजेंद्र सिंह, योगेश जोशी और लक्ष्मण सिंह बोरा को सचिव पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं मीडिया प्रभारी के रूप में राजेंद्र सिंह जनौटी, सह मीडिया प्रभारी के रूप में नीमा पपोला और नीमा देवी को जिम्मेदारी दी गई है। कोषाध्यक्ष का दायित्व नंदन रौतेला को सौंपा गया है।
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन ग्राम प्रधानों की समस्याओं को एक मंच पर उठाने के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने सरकारी योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और पंचायतों की आवाज को मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन समय-समय पर बैठकें आयोजित कर क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा करेगा और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेगा।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष दीपक सिंह खेतवाल ने कहा कि सभी प्रधानों को साथ लेकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रधान संगठन के गठन को सकारात्मक पहल बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।


