समस्याओं पर विस्तार से चर्चा
अल्मोड़ा/पनुवानौला। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जिला अल्मोड़ा की ओर से रविवार को व्यापार भवन अल्मोड़ा में जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले भर से आए व्यापारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर विभिन्न व्यापारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा उनके समाधान के लिए संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी हरीश सोनी मुख्य अतिथि तथा प्रदेश संगठन मंत्री मनीष जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन में जिला एवं ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ-साथ अल्मोड़ा नगर के वरिष्ठ व्यापारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न इकाइयों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को मंच के माध्यम से उठाया। इस अवसर पर जिला प्रभारी हरीश सोनी, प्रदेश संगठन मंत्री मनीष जोशी, जिला अध्यक्ष सुशील साह तथा जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि व्यापार मंडल परिवार सभी इकाइयों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगा और व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा: गैस सिलेंडर और बुनियादी सुविधाएं
बैठक में विशेष रूप से कूड़ा निस्तारण व्यवस्था, पेयजल संकट तथा गैस सिलेंडर से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीण इकाइयों—दन्या, कोसी, लमगड़ा, धौलछीना, पनुवानौला, शीतलाखेत, गोविन्दपुर, बाड़ेछीना, पेटशाल, गुरड़ाबाज, जैंती और सेराघाट—से आए व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि गैस सिलेंडर को लेकर हो रही परेशानियों के कारण किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के कूड़ा निस्तारण वाहन चालक सत्य प्रकाश रावत को उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली और सेवा भावना को देखते हुए व्यापारियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। सम्मेलन में विभिन्न इकाइयों के अध्यक्षों और महामंत्रियों ने अपने विचार व्यक्त किए। खराब मौसम के बावजूद दूर-दराज की ग्रामीण इकाइयों से पदाधिकारियों की उपस्थिति को सराहते हुए उनका विशेष आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष सुशील साह ने सभी ग्रामीण इकाइयों, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ व्यापारियों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन के अंत में सभी व्यापारियों ने लोक गायक दीवान कनवाल के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सम्मेलन में जिला प्रभारी हरीश सोनी, प्रदेश संगठन मंत्री मनीष जोशी, जिला अध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, महिला जिला उपाध्यक्ष अनीता रावत, जिला उपाध्यक्ष हरीश दरमवाल, रवि बनौला, शहजाद कश्मीरी, दीप जोशी, पवन साह, आशु गोस्वामी, राकेश तिवारी, अतुल पांडे, संजीव गुप्ता, योगेंद्र महाजन, ज्योति कपूर, नरेंद्र कुमार विक्की, ललित मिश्रा, अमन नज्जोन, प्रतेश पांडे, राजेंद्र प्रसाद, कमल तिवारी, वरिष्ठ व्यापारी दीप लाल साह, पूर्व जिला महामंत्री ललित कार्की, प्रकाश रावत, महिला नगर उपाध्यक्ष जया साह, नगर सचिव वकुल साह, नगर उपाध्यक्ष नरेंद्र साह, नगर सह-सचिव अश्विन नेगी, कठपुड़िया इकाई अध्यक्ष चंदन सिंह बिष्ट, कोसी अध्यक्ष शिवराज सिंह, गुरड़ाबांज अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, धौलछीना अध्यक्ष दरबान सिंह रावत, बाड़ेछीना अध्यक्ष शिवराज सिंह, शहरफाटक अध्यक्ष बसंत धूवाल, पेटशाल अध्यक्ष त्रिलोक पुना, सेराघाट अध्यक्ष प्रमोद पांडे, दन्या अध्यक्ष पूरन बिष्ट, गोविंदपुर अध्यक्ष कैलाश तिवारी, लमगड़ा अध्यक्ष हरीश कपकोटी, शीतलाखेत अध्यक्ष गणेश पाठक, जैंती अध्यक्ष केदार सिंह, ताकुला अध्यक्ष दीपक सुयाल, कोसी महामंत्री नवीन जोशी, गोविंद जोशी, चंदन सिंह मैहरा, नीरज जोशी सहित समस्त ग्रामीण इकाइयों के अध्यक्ष और महामंत्री उपस्थित रहे।


