घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये जरूरी खबर
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी | गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित ‘लीजेंड्स लीग क्रिकेट टी-20’ को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। भारी भीड़ और यातायात के सुचारू संचालन को देखते हुए दिनांक 11 मार्च 2026 से 14 मार्च 2026 तक शहर में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।

यह डायवर्जन प्रत्येक मैच वाले दिन शाम 16:00 बजे (04:00 PM) से कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रभावी रहेगा। यात्रियों और दर्शकों की सुविधा के लिए विस्तृत जानकारी निम्नलिखित है:
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन मार्ग
मैच के दौरान गौलापार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा। भारी मालवाहक वाहनों हेतु रूट इस प्रकार रहेंगे:
- तीनपानी से काठगोदाम की ओर: तीनपानी से गौलापार रोड होकर जाने वाले भारी वाहन गोलापुल कुँवरपुर कट से डायवर्ट किए जाएंगे। ये वाहन कुँवरपुर तिराहा से खेड़ा चौराहा होते हुए महाकाली जनरल स्टोर तिराहा से काठगोदाम की ओर जा सकेंगे।
- काठगोदाम से तीनपानी की ओर: काठगोदाम क्षेत्र से आने वाले भारी वाहन महाकाली जनरल स्टोर तिराहा से डायवर्ट होंगे। यहाँ से वे खेड़ा चौराहा, कुँवरपुर तिराहा और फिर गोलापुल कुँवरपुर कट होते हुए तीनपानी की ओर बढ़ेंगे।
पार्किंग व्यवस्था: कहाँ खड़े होंगे वाहन?
मैच देखने आ रहे दर्शकों और विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं:
| श्रेणी | पार्किंग स्थल |
| VIP महानुभाव | गौलापार स्टेडियम मुख्य द्वार के समीप। |
| प्रशासन/पुलिस/आयोजनकर्ता | स्टेडियम गेट नम्बर 01 के अन्दर (दाहिनी ओर)। |
| खिलाड़ी/बसें/मीडिया | स्टेडियम गेट नम्बर 01 के अन्दर (दाहिनी ओर)। |
| आम दर्शक | स्टेडियम गेट नम्बर 02 के पास (बाईं ओर)। |
विशेष अपील: यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मैच के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें ताकि व्यवस्था बनाने में सहयोग मिल सके।


