






👉 पुलिस के साईबर सेल की सराहनीय प्रयास लाए रंग, एसएसपी ने सौंपे फोन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: होली के मौके पर अपने महंगे मोबाइल फोन खो चुके कई लोगों के चेहरे पर पुलिस मुस्कान लाई है। साइबर सेल की मदद से पुलिस के ठोस प्रयास रंग लाए और अलग-अलग कंपनियों के 76 फोन बरामद कर लिये, जिसकी अनुमानित कीमत 11.14 लाख रुपये आंकी गई है। सोमवार को एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने बरामद मोबाइल उनके स्वामियों के सुपुर्द किए।

दरअसल, समय-समय पर कई लोगों के विभिन्न कंपनियों के महंगे मोबाइल फोन खो गए या चुरा लिये गए थे। जिससे फोन स्वामियों में फोन खोने से उदासी छाई थी। जन शिकायतों पर एसएसपी के निर्देश पर कार्रवाई हुई। खोये मोबाइलों को बरामद करने के प्रयास चले। इसमें साइबर सेल ने लगातार अथक प्रयास किए। यह प्रयास रंग लाए और करीब 11 लाख से अधिक कीमत वाले 76 मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली। इसके बाद आज सोमवार को एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने मोबाइलों के स्वामियों को पुलिस कार्यालय में बुलाया और उन्हें उनके खोये फोन प्रदान किए। इससे उनके चेहरों पर छाई उदासी मुस्कान में तब्दील हो गई और पुलिस के प्रति उनका विश्वास बढ़ा। उन्होंने पुलिस की साइबर सेल का आभार जताया।
एसएसपी ने अपील भी की कि यदि किसी का मोबाइल खो जाता है, तो तत्काल संचार साथी पोर्टल में शिकायत दर्ज करें अथवा नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचित करें, ताकि उसे बरामद करने की कार्रवाई त्वरित हो। अल्मोड़ा सर्विलांस टीम में एसआई सुनील धानिक, एएसआई फिरोज खान, कांस्टेबल चंदन सिंह, हरीश प्रसाद, इरशाद उल्ला, गणेश पांडे व राजेश भट्ट शामिल हैं।


