कुत्ते के भौंकने पर बचाव में पत्थर उठाया तो भड़क गया मालिक
इंटर में पढ़ता है पीड़ित छात्र
सीएनई रिपोर्टर, उत्तरकाशी। सड़क पर एक कुत्ते के भौंकने से खुद को बचाने के लिए पत्थर उठाना एक 12वीं के छात्र को इतना महंगा पड़ गया कि कुत्ते का मालिक (डॉग ओनर) आपा खो बैठा और बीच सड़क पर उसे मोटे पाइप से बेरहमी से पीट दिया। छात्र दर्द से चीखता रहा, “मत मारो, ओ मां!” — लेकिन हमलावर का दिल नहीं पसीजा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 21 फरवरी की दोपहर बाद की है। छात्र स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुथनौर के पास पहुंचा, तभी सुमित भंडारी का कुत्ता उस पर भौंकने लगा और हमला करने की कोशिश की। डर के कारण छात्र ने अपने बचाव में जमीन से पत्थर उठाया और कुत्ते की ओर फेंकने का प्रयास किया।
बस यही बात कुत्ते के मालिक सुमित भंडारी को नागवार गुजर गई। वह गुस्से से आग-बबूला हो गया और छात्र को वहीं रुकने को कहा। कुछ ही देर में वह अपने पड़ोसियों के साथ मोटा पाइप लेकर लौटा और छात्र पर टूट पड़ा।

“ओ मां! मत मारो…”— वायरल वीडियो में कैद हुआ दर्द
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 23 सेकंड के एक वीडियो ने मामले की गंभीरता को उजागर कर दिया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सुमित भंडारी छात्र को बेरहमी से पाइप से पीट रहा है। प्रहार इतना तेज था कि छात्र की चीखें पूरे इलाके में गूंज उठीं। वह बार-बार “मत मारो, ओ मां!” कहकर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन हमलावर का दिल नहीं पसीजा। पिटाई के बाद छात्र दर्द से कराहते हुए वहां से किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा।
पीड़ित छात्र 12वीं कक्षा का है। मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण उसे अब अपनी बोर्ड परीक्षाएं देने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जिस उम्र में हाथ में कलम होनी चाहिए, वहां उसे चोटों के दर्द और मानसिक सदमे से जूझना पड़ रहा है।
तीन दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के तीन दिन बाद, 24 फरवरी को पीड़ित परिवार ने बड़कोट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुमित भंडारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इधर, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई है। आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मामूली बात पर एक नाबालिग छात्र के साथ इस तरह की बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सोशल मीडिया पर भी लोग आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

