सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ के पावन संकल्प को चरितार्थ करते हुए, स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी एवं रेड क्रॉस अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वाधान में आज स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय, पेटशाल में एक भव्य रक्तदान शिविर संपन्न हुआ। इस मानवीय कार्य में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जीवन रक्षा का संदेश दिया।

शिविर के दौरान आयोजित जागरूकता गोष्ठी में वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। विशेषज्ञों ने कहा कि “रक्तदान जीवन का श्रेष्ठतम दान है”, जो न केवल किसी व्यक्ति का जीवन बचाता है, बल्कि मानवता के प्रति हमारे उत्तरदायित्व को भी पुष्ट करता है। बैठक में रक्तदान से पूर्व और पश्चात बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. जे.सी. दुर्गापाल ने विशेष रूप से जानकारी दी कि ओ-नेगेटिव (O-) रक्त समूह एक ‘यूनिवर्सल डोनर’ है, जो आपातकाल में किसी भी मरीज की जान बचाने में सक्षम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान करने हेतु प्रेरित किया ताकि अस्पतालों में रक्त की सुचारू आपूर्ति बनी रहे।
शिविर की सफलता का प्रमाण यह रहा कि 17 रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ कुल 18 यूनिट रक्त का दान किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी दाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें प्रमाण पत्र भेंट किए और उनके इस निस्वार्थ योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, रेड क्रॉस चेयरमैन श्री आशीष वर्मा, रेड क्रॉस राज्य उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, डॉ. शिवम मिश्रा, डॉ. प्रतिभा पाठक, डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, चिकित्सालय प्रबंधक नरेंद्र सिराड़ी, ललित मोहन जोशी, दीप जोशी, ब्लड बैंक की ओर से डॉ. आशीष जैन, काउंसलर हेम बहुगुणा, स्टाफ नर्स नीलम रावत, निशा धामी तथा रेड क्रॉस से अनूप साह उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अनूप साह, अल्मोड़ा

