सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले में पुलिस का नशा तस्करों पर नकेल कसने का सिलसिला जारी है। एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर नशे के धंधेबाजों पर पैनी निगाह रखे हुए है। इसी क्रम में जिलांतर्गत करीब साढ़े चार लाख रुपये के गांजे के साथ तीन तस्कर दबोचे गए हैं। ये तस्कर कबाड़ की आड़ में गांजे को पार लगाने के फिराक में थे। मगर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गए।
मामला जिले के सल्ट थानांर्गत का है। थाना सल्ट व एसओजी की साझा टीम ने चेकिंग के दौरान थाना क्षेत्र में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के निकट कबाड़ से भरी पिकअप संख्या यूके 19 सीए 0992 में 3 तस्करों के कब्जे से 18.350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत पुलिस ने 4 लाख 58 हजार 750 रुपये आंकी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों गुलजार पुत्र अफसर अली, निवासी एचपी गोदाम टांडा, थाना रामनगर, नैनीताल, नासिर हुसैन पुत्र मजर हुसैन, निवासी ग्राम पूछड़ी, थाना रामनगर, नैनीताल तथा मो. आजम पुत्र निजामुद्दीन निवासी ठाकुरदारा, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और पिकअप को सीज कर लिया। पुलिस ने बताया कि ये लोग पिकअप में कबाड़ बताकर गांजा पार लगाने के प्रयास में थे, मगर कबाड़ के बीच गांजा छिपाया हुआ था। यह गांजा ग्राम घनियाल से क्रय कर लाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों में से नासिर हुसैन के विरुद्ध पहले से ही थाना रामनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, राकेश खेतवाल व रविंद्र कंबोज शामिल रहे।

