HomeUttarakhandNainitalगुलदार से सुरक्षा को लेकर खुटियाखाल में जागरूकता कार्यक्रम

गुलदार से सुरक्षा को लेकर खुटियाखाल में जागरूकता कार्यक्रम

छात्रों व ग्रामीणों को दिए गए जरूरी सुझाव

सीएनई रिपोर्टर, नैनीताल। धारी ब्लॉक अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय खुटियाखाल एवं आंगनबाड़ी केंद्र खुटियाखाल में वन विभाग द्वारा गुलदार (तेंदुआ) से सुरक्षा के उपायों को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ रही वन्यजीव गतिविधियों के बीच बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को सतर्क करना तथा सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गुलदार से बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि वे अकेले जंगल या सुनसान स्थानों की ओर न जाएं, हमेशा समूह में चलें, विशेषकर शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध वन्यजीव गतिविधि की तुरंत सूचना वन विभाग को दें।

वन विभाग की टीम ने बच्चों को सरल भाषा में बताया कि सतर्कता और जागरूकता से किसी भी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सकता है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें और बच्चों को अकेले बाहर जाने से रोकें।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप, सहायक अध्यापक संजीव कुमार तथा आंगनबाड़ी केंद्र के कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने वन विभाग द्वारा किए गए इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से वन क्षेत्राधिकारी विजय चंद्र भट्ट, अभय कुमार, वन आरक्षी मनोज कैड़ा, वाहन चालक किशन रावत एवं फायर श्रमिक उपस्थित रहे। टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वन विभाग की इस पहल की प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments