HomeUttarakhandNainitalउत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह 12 जनवरी 2026 को

उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह 12 जनवरी 2026 को

ADVERTISEMENTS

राज्यपाल करेंगे अध्यक्षता

CNE REPORTER : हल्द्वानी स्थित उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का दशम दीक्षांत समारोह 12 जनवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में भव्य, गरिमामय और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अकादमिक आयोजन की अध्यक्षता उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति करेंगे, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

कुलपति प्रो. लोहनी ने बताया कि दीक्षांत समारोह किसी भी विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण अवसर होता है। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का यह 10वां दीक्षांत समारोह है, जिसमें शैक्षणिक सत्र 2024–25 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक तथा विभिन्न प्रायोजित एवं स्मृति पदकों से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समारोह का शुभारंभ शैक्षिक शोभायात्रा, राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन एवं विश्वविद्यालय कुलगीत के साथ होगा। इसके उपरांत कुलपति द्वारा विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दीक्षांत संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर कुलाधिपति द्वारा दीक्षांत उद्बोधन प्रस्तुत किया जाएगा।

इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की प्रमुख विद्याशाखाओं—मानविकी, समाज विज्ञान, विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, वाणिज्य एवं प्रबंधन, स्वास्थ्य विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान एवं सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन, पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन सहित अन्य विषयों—के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। साथ ही शोध कार्य पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।

कुलपति ने बताया कि सत्र 2024–25 के लिए कुलाधिपति स्वर्ण पदक स्नातक स्तर पर शिक्षा शास्त्र विद्याशाखा की छात्रा प्रेरणा भट्ट को बी.एड. कार्यक्रम में सर्वोच्च उपलब्धि हेतु तथा स्नातकोत्तर स्तर पर मानविकी विद्याशाखा (संस्कृत विषय) के छात्र प्रवेश कुमार को प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक विभिन्न विषयों के 28 मेधावी विद्यार्थियों को दिए जाएंगे।

अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा कई प्रायोजित एवं स्मृति स्वर्ण पदक भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें ला. देवीकी नंदन नंद किशोर एजेंसी स्मृति स्वर्ण पदक, श्रीमती शीला देवी स्मृति स्वर्ण पदक, श्रीमती भगवती देवी स्मृति स्वर्ण पदक तथा कल्याण भवति समिति पदक प्रमुख हैं।

दीक्षांत समारोह में कुल 34 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, 18,129 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां तथा 6 शोधार्थियों को पीएच.डी. उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका “उड़ान” का विमोचन, हिंदी वेबसाइट का लोकार्पण तथा विश्वविद्यालय की 20 वर्षों की प्रगति पर आधारित पुस्तक ‘प्रगति के सोपान’ का भी विमोचन किया जाएगा। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समारोह को संबोधित करेंगे।

प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि यह दीक्षांत समारोह केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की गुणवत्ता, समावेशी शिक्षा, नवाचार एवं सामाजिक दायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक भी है। विश्वविद्यालय समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने के अपने संकल्प पर निरंतर कार्य कर रहा है।

प्रेस वार्ता के दौरान कुलसचिव खेमराज भट्ट, प्रो. गिरिजा पाण्डेय, प्रो. पी. डी. पंत, प्रो. राकेश रयाल एवं वित्त नियंत्रक एस. पी. सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments