युवाओं को दिलाई गई नशे से दूर रहने की शपथ
कसीएनई रिपोर्टर, कपकोट। स्व. चन्द्र सिंह शाही राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कपकोट में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग बागेश्वर द्वारा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के पाँच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशाल यूथ फेस्ट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के खतरों के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक स्वस्थ भविष्य के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपकोट के विधायक सुरेश गड़िया रहे। उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की। विधायक गड़िया ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य होते हैं, और उन्हें किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहकर अपने जीवन को संवारना चाहिए। उन्होंने सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
रचनात्मक प्रतियोगिताओं से दिया नशामुक्ति का संदेश
इस यूथ फेस्ट के दौरान नशा मुक्ति थीम पर आधारित कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें स्लोगन प्रतियोगिता, ऐपण (पारंपरिक कला), निबंध प्रतियोगिता और एक हस्ताक्षर अभियान शामिल था।
कार्यक्रम में उपस्थित कुल 1500 छात्र-छात्राओं को नशामुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही, पंजाब के अमृतसर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिससे छात्र राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे इस महत्वपूर्ण अभियान से जुड़ सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, प्राचार्य प्रो. बीसी तिवारी, डॉ. बबिता आर्या (नोडल एंटी ड्रग), जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, डॉ. कपिल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष मुकुल शाही, डॉ. अल्बा मंड्रेला, डॉ. शालिनी पाठक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

