HomeUttarakhandAlmoraसवालों में अल्मोड़ा की नई पार्किंग : उखड़ गया फर्श, बाहर झांक...

सवालों में अल्मोड़ा की नई पार्किंग : उखड़ गया फर्श, बाहर झांक रहा सरिया !

ADVERTISEMENTS

भाजपा पार्षदों ने घटिया निर्माण पर उठाई आवाज

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। नगर के टैक्सी स्टैंड के पास बनी पार्किंग के लाखों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भाजपा पार्षदों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्षदों के निरीक्षण में पाया गया कि पार्किंग का फर्श उखड़ चुका है, सीमेंट की परतें निकल गई हैं और फर्श पर सरिया तक नजर आ रही है, जो निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग और भारी लापरवाही की ओर इशारा करता है। इस गंभीर अनियमितता पर पार्षदों ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार के खिलाफ जिलाधिकारी से जांच की मांग करने की चेतावनी दी है।


अल्मोड़ा- नगर के टैक्सी स्टैंड के समीप निर्मित पार्किंग की स्थिति पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को भाजपा पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं के एक शिष्टमंडल ने पार्किंग का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर आपत्तियां जताईं।

लाखों खर्च, फिर भी खस्ताहाल पार्किंग!

पार्षदों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद पार्किंग का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि फर्श से सीमेंट की परतें उखड़ चुकी हैं, फर्श पर सरिया नजर आ रही है और प्लास्टर जगह-जगह से झड़ने लगा है। इससे स्पष्ट होता है कि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है और काम में भारी लापरवाही बरती गई है।

पार्षदों ने यह भी कहा कि पार्किंग की छत पर शेड की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे वाहन धूप और वर्षा दोनों में खुले में खड़े रहते हैं। वाहनों की सुरक्षा हेतु अग्निशमन उपकरण भी नहीं हैं। इसके साथ ही वर्षा जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी पूरी तरह जाम पड़ी हैं। नालियों की सफाई न होने के कारण बरसात के दिनों में पार्किंग में पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

भाजपा पार्षद अमित साह ने कहा कि नगरवासियों की सुविधा के लिए बनाई गई यह पार्किंग आज खुद परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यदायी संस्था ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए और खामियों को दूर नहीं किया, तो भाजपा कार्यकर्ता कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के खिलाफ जिलाधिकारी से वार्ता कर जांच की मांग करने को बाध्य होंगे।

भाजपा पार्षद करेंगे डीएम से शिकायत

पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी ने कहा कि निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को जिलाधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा और एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। उनका कहना था कि जनता के धन से किए गए निर्माण में लापरवाही अस्वीकार्य है और जिम्मेदारों को जवाबदेह ठहराना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद अर्जुन बिष्ट और अभिषेक जोशी और कृष्णा सिंह भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी पार्किंग की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बारिश के मौसम में यहां पानी भर जाने से वाहनों को खड़ा करना मुश्किल हो जाता है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग का पुनः निरीक्षण कराया जाए और सभी खामियों को शीघ्र दूर किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments