शराब पीने पर हुआ विवाद, सिल-बट्टे से पत्नी का कुचल दिया सिर
CNE REPORTER/ देहरादून की कैंट थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे एक पूर्व सैनिक पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शराब के नशे में विवाद होने पर गुस्साए पति ने अपनी पत्नी के सिर पर शराब की बोतल और सिल-बट्टे (पत्थर) से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी पति ने पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए पत्नी के बाथरूम में फिसलकर घायल होने की झूठी कहानी सुनाई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रेम बहादुर थापा (सेवानिवृत्त सैनिक) अपनी पत्नी कोपिला थापा के इलाज के लिए नेपाल से देहरादून आया था। वह मिलिट्री अस्पताल से सीजीएचएस कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज की सुविधा ले रहा था और गढ़ी कैंट क्षेत्र में किराए पर रह रहा था। 12 अक्टूबर की रात दोनों पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ।
पत्नी ने धक्का दिया तो भड़क उठा पूर्व सैनिक
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पत्नी ने पति को धक्का दे दिया। इस बात से नाराज पति ने गुस्से में आकर शराब की बोतल, गिलास और पास पड़े सिल-बट्टे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। सिर दीवार से टकराने पर पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।
खून साफ कर गढ़ी ‘फिसलने’ की झूठी कहानी
चोट लगने से काफी खून बहने के बाद घबराए आरोपी ने पहले खून साफ किया और फिर पड़ोसियों को बताया कि उसकी पत्नी बाथरूम में फिसल गई है। पड़ोसियों की मदद से वह पत्नी को मिलिट्री अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी ने घर की दीवारों पर लगे खून को साफ किया और अगले दिन हत्या में इस्तेमाल की गई खाली बोतल, टूटा गिलास और सिल-बट्टा जंगल में कूड़े के ढेर में फेंक दिया।
बेटे की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी, हथियार बरामद
मृतका के बेटे अर्जुन थापा की शिकायत पर कोतवाली कैंट में प्रेम बहादुर थापा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कैंट थाना प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेम बहादुर थापा को कैंट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर पत्नी की हत्या में प्रयुक्त सामान (शराब की खाली बोतल, टूटा गिलास और सिल-बट्टा) जंगल से बरामद कर लिया गया है।

