सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खैरना तहसील के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खैरना से कैची धाम की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे पैदल चल रही महिला और उसके 7 वर्षीय पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में आशा देवी (26 वर्ष) पत्नी संतोष राम और उनका बेटा हिमांशु (7 वर्ष), निवासी बडसीला गड़स्यारी, गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क किनारे गिर गई और बच्चा दूर जाकर छिटक पड़ा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत घायल मां-बेटे को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गरमपानी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. गौरव कैड़ा ने बताया कि बच्चे के सिर पर गहरी चोट है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि महिला के पैर में चोट आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है।

