उदय शंकर फोटोग्राफी अकादमी अल्मोड़ा की बैठक
पिघलते ग्लेशियर एवं जलवायु परिवर्तन पर रहेगा फोकस
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। उदय शंकर फोटोग्राफी अकादमी, अल्मोड़ा की बैठक मंगलवार को हिमालयन फोटो जेफर गैलरी (Himalayan Photo Jeffer Gallery), माल रोड में हुई। बैठक की शुरुआत उत्तरकाशी जिले के धराली व हर्षिल में हालिया आपदा पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट के मौन से हुई।
बैठक में 19 अगस्त 2025 को विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही, आगामी त्योहारों पर अल्मोड़ा में फोटो वॉक आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।
संस्था के सचिव जयमित्र सिंह बिष्ट ने बताया कि 19 अगस्त को शाम 5 से 7 बजे तक हिमालयन फोटो जेफर गैलरी में “गंगोत्री घाटी में पिघलते ग्लेशियर एवं जलवायु परिवर्तन के संकेत” विषय पर विशेष फोटो टॉक और फोटोग्राफ प्रदर्शनी होगी। इसमें गंगोत्री व गौमुख क्षेत्र की तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी तथा डॉ. महेंद्र सिंह मिराल विषय पर व्याख्यान देंगे।
बैठक में मनमोहन चौधरी, भारत शाह, चेतन कपूर, वैभव जोशी, रमीज़ खान, गोकुल शाही समेत कई छायाकार मौजूद रहे।


