✍️ सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति की नई कार्यकारिणी गठित
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सेवानिवृत्त केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति अल्मोड़ा की नई कार्यकारिणी गठित कर ली गई है। नई कार्यकारिणी के लिए महेश आर्या अध्यक्ष तथा चंद्रशेखर सिंह सिराड़ी सचिव चुने गए।
यहां नगर निगम के सभागार में मंगलवार को समिति की मासिक बैठक हुई। इसमें पहले समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान नगर के सभी वार्डों में सघन सत्यापन अभियान चलाने, सभी वार्डों में सीसीटीवी स्थापित करने, बाहर से आकर यहां भिक्षावृत्ति कर रहे लोगों पर रोक लगाने, लोअर माल रोड व धारानौला मार्ग में मिनी बस या आटो संचालित करने की मांगें प्रमुखता से उठाई। इसके बाद संगठनात्मक बिंदुओं पर मंथन हुआ और तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी गठित कर ली गई।
सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी के लिए महेश आर्या अध्यक्ष, आरपी जोशी उपाध्यक्ष, चंद्रशेखर सिंह सिराड़ी सचिव, एमडी कांडपाल कोषाध्यक्ष, दीवान सिंह संगठन सचिव, विशन सिंह बिष्ट सह सचिव चुने गए। इनके अलावा नारायण दत्त पांडे, रमेश चंद्र तिवारी व नवीन चंद्र जोशी कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। अंत में उत्तरकाशी के धराली में आई भीषण आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। इस आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक की अध्यक्षता डा. पीसी जोशी व संचालन सचिव आरपी जोशी ने किया।

