HomeUttarakhandAlmoraब्रेकिंग: अल्मोड़ा जिपं अध्यक्ष के लिए तीन नामांकन, 11 प्रमुखों के लिए...

ब्रेकिंग: अल्मोड़ा जिपं अध्यक्ष के लिए तीन नामांकन, 11 प्रमुखों के लिए 26 पर्चे दाखिल

जिले की सरकार के लिए भाजपा व कांग्रेस ने लगाया एड़ी-चोटी का जोर

दो विकासखंडों को छोड़ बांकी में प्रमुख पद ​हथियाने को लगाई पूरी ताकत

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा व कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। चुनाव के बाद पूरा बहुमत किसी भी दल को नहीं मिल सका, मगर अब दोनों ही अपना पलड़ा भारी बता रहे हैं। कमोवेश ऐसी ही खींचतान विभिन्न ब्लाकों में अध्यक्ष पद के लिए चल रही है। इसी क्रम में सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया चली।

आज जिला पंचायत के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष समेत ब्लाकों में प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख व कनिष्ठ प्रमुख पद के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 3 नामांकन दाखिल हुए। कांग्रेस की ओर से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल की पुत्रबधू सुनीता कुंजवाल, भाजपा की तरफ से हेमा गैड़ा तथा उक्रांद की सरस्वती देवी ने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन के दौरान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल समेत विधायक मनोज तिवारी, तारा चंद्र जोशी, गोपाल सिंह चौहान आदि कई कांग्रेसजन शामिल रहे। भाजपा प्रत्याशी हेमा गैड़ा के नामांकन में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, नगर निगम के मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, बिट्टू कर्नाटक, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला आदि कई भाजपा नेता शामिल रहे जबकि उक्रांद प्रत्याशी के नामांकन में पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी व अन्य समर्थक मौजूद रहे। जिला पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन भरे गए, इनमें एक सुरेंद्र नेगी और दूसरा नामांकन शंभू सिंह रावत ने दाखिल किया है।

11 ब्लाक प्रमुखों के लिए 26 नामांकन दाखिल
———————
अल्मोड़ा। सोमवार को ​अल्मोड़ा जनपद के 11 ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख पद के लिए कुल 26 नामांकन दाखिल हुए। सर्वाधिक 4 नामांकन धौलादेवी ब्लाक और सबसे कम ताकुला व सल्ट ब्लाकों में एक-एक ही नामांकन हुआ। धौलादेवी ब्लाक में आशा नेगी, चित्रलेखा सिंगवाल, मीना भैसोड़ा व लीला, ताकुला में मीनाक्षी आर्या, हवालबाग ब्लाक में हिमानी कुंडू व बबीता भाकुनी, द्वाराहाट में प्रमुख पद के लिए कुंती फुलारा, ममता भट्ट, लमगड़ा में त्रिलोक सिंह, राधा बिष्ट व विनीत बोरा, स्याल्दे में भूपाल सिंह व मथुरा दत्त, भिकियासैंण में गीता देवी, दीपक करगेती व सतीश नैनवाल, सल्ट में कंचन रावत, भैंसियाछाना में नीमा आर्या व सूरज कुमार, ताड़ीखेत में बबली मेहरा, विमला रावत व रचना रावत तथा चौखुटिया में महेश लाल व चेतना नेगी ने ब्लाक प्रमुख पद के लिए पर्चा भरा।
——————
भारी अंतर से जितेगी कांग्रेस: कुंजवाल

अल्मोड़ा: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पार्टी प्रत्याशी के नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद​ सिंह कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव भारी अंतर से जितेगी। उन्होंने कहा कि जिले की सरकार बनाने में कहीं कोई टक्कर नहीं है, ​बल्कि कांग्रेस एकतरफा जीत दर्ज करने जा रही है। भाजपा सरकार के रहते प्रदेश में आज लूट-खसोट, घूसखोरी, महंगाई व बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। इसलिए जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है और वर्ष 2027 में कांग्रेस प्रदेश में सत्तारूढ़ होगी। वहीं प्रत्याशी सुनीता कुंजवाल ने भी प्रत्याशी बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि वह अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।

———————
भाजपा प्रत्याशी की होगी ऐतिहासिक जीत: अजय
अल्मोड़ा। नामांकन के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर आए सभी सदस्यों के सहयोग से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि निर्दलीय रूप से जीतकर आए कई जिला पंचायत सदस्यों का साथ भाजपा को मिल रहा है और पार्टी प्रत्याशी हेमा गैड़ा को अवश्य जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण की सरकार के साथ ही जिले में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने जीत कर आए सदस्यों से हेमा गैड़ा के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments