सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। पुलिस ने तीन चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनसे 2.511 किलो अवैध चरस बरामद की है। पकड़ी गई चरस का मूल्य 15 लाख रुपये आंका गया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया है। आरोपितों को न्यायालय में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने पत्रकार वार्ता में कहा कि नशामुक्त राज्य बनाने के निर्देश हैं। कपकोट पुलिस निरंतर मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर प्रहार कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा के पर्यवेक्षण में अभियान चलाया जा रहा है।
चेकिंग के दौरान 38 वर्षीय कपकोट तहसील के झूनी गांव निवासी चंचल सिंह पुत्र मान सिंह के कब्जे से 0.903 किलो, 25 वर्षीय लोकपाल सिंह पुत्र उत्तम सिंह निवासी से 0.804 किलोग्राम तथा 32 वर्षीय विक्रम सिंह पुत्र चामू सिंह से 0.804 किलो अवैध चरस बरामद की है। आरोपितों को वाहन संख्या यूके- 02 टीए, 2854 में परिवहन करते हुए शामा बैंड कपकोट से गिरफ्तार किया गया है।
उनके विरुद्ध कपकोट थाने में धारा-8/20/60 एनडीपीएस में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस टीम को ढ़ाई हजार रुपये नकद ईनाम देने की घोषणा की। कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामंत, हेड कांस्टेबल लक्ष्मा सिंह कांस्टेबल हरीश सनवाल, अशोक टम्टा, अमजद खान शामिल थे।

