गुप्तेश्वर महादेव में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़, हर—हर महादेव की गूंज
महाशिवरात्रि पर लगा मेला, हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। महाशिवरात्रि के पर्व पर यहां गंगरकोट स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में हजार की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर शाम तक शिव—भक्तों ने यहां भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाए और मंदिर की परिक्रमा की। भीड़ उमड़ने से मेले में पहुंचे व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे।

शिवरात्रि पर आज सुबह से ही गुप्तेश्वर महादेव गंगरकोट हर—हर महादेव के जयघोषों से गुंजायमान रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालुजनों ने आज यहां भगवान शिव का पूजन और जलाभिषेक किया। बता दें कि ऐतिहासिक गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि के मौके पर प्रति वर्ष मेले का भी आयोजन होता है।
आज बुधवार को भी यहां दूर—दराज से पहुंचे कई व्यापारियों ने दुकानें व स्टॉल लगाये थे, जिनमें लोगों ने काफी खरीददारी भी की। इस मौके पर भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दूध व गंगा जल से स्नान कराया। भक्तों ने तमाम मंदिरों की परिक्रमा भी की। मंदिर परिसर में दिन भर शिव भजन व कीर्तन चलता रहा। इस दौरान शांति—व्यवस्था बनाये रखने के लिए खैरना पुलिस के तमाम जवान मुस्तैद दिखाई दिये। एसएसआई प्रकाश मेहरा, कांस्टेबल राजेंद्र सती, कांस्टेबल जगदीश धामी व पुलिस वालंटियर अंकित सुयाल मौके पर थे।