सीएनई रिपोर्टर, उत्तरकाशी
उत्तरकाशी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां पत्नी से हुए झगड़े के बाद पति का पारा इतना चढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने पत्नी की गोद से मासूम बच्ची को छीन जमीन पर पटख दिया। जिसके बाद मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर इस हैवान पति को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोरी ब्लॉक कुनारा गांव में बजरंगी और उसकी पत्नी सुनीता देवी और सुनीता के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। दोनों आपस में झगड़ने लगे और इस दौरान पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इसी बीच बच्ची रोने लगी। सुनीता उसे गोद में उठा कर दूध पिलाने लगी। तभी पति ने तैश में आकर अपनी ही दुधमुंही बच्ची को पत्नी की गोद से छीना और जोर से जमीन पर पटख दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका बच्ची केवल चार माह की बताई जा रही है। इधर पुलिस ने बताया कि बजरंगी की पत्नी सुनीता देवी की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ मोरी थाने में मुकदमा दर्ज करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।











