👉 केंद्रीय राज्यमंत्री समेत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: लोकपर्व हरेला के उपलक्ष्य में बुधवार को जिले भर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपदभर में करीब 25 हजार पेड़ रोपे गए। वृक्षारोपण में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व जिला स्तरीय अधिकारियों ने हिस्सा लेकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ रोपा।
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के मौके वृक्षारोपण का मुख्य कार्यक्रम आरतोला जागेश्वर में हुआ, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया, उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत अनेक जनप्रतिनिधि, विभागीय कार्मिक एवं क्षेत्रीय लोगों ने बढ़चढकर भाग लिया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने राज्य वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दी तथा लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाकर प्रकृति संरक्षण की अपील की। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने भी जनपद वासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रकृति से जुड़ने का आह्वान किया। इसके अलावा जिले में विभिन्न जगहों बड़े पैमाने पर पौधे रोपे गए। 10 हजार पौधे वन विभाग, 9 हजार पौधे उद्यान विभाग तथा 6 हजार पौधे ग्राम्य विकास ने उपलब्ध कराए।

