अल्मोड़ा/बागेश्वरः आंदोलित महिला कुश्ती पहलवानों के समर्थन में उतरी महिला कांग्रेस

आरोपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग उठाईमोदी सरकार पर लगाया आरोपी को बचाने व तानाशाही का आरोप सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा/बागेश्वरः…

आंदोलित महिला कुश्ती पहलवानों के समर्थन में उतरी महिला कांग्रेस

आरोपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग उठाई
मोदी सरकार पर लगाया आरोपी को बचाने व तानाशाही का आरोप

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा/बागेश्वरः यहां महिला कांग्रेस ने न्याय के लिए कई दिनों से आंदोलित भारतीय महिला कुश्ती पहलवानों के आंदोलन का समर्थन किया है और यौन शोषण करने के आरोपी सांसद एवं कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ अब तक कार्यवाही नहीं किए जाने पर मोदी सरकार की कड़ी आलोचना की है। महिला कांग्रेस अल्मोड़ा ने बृजभूषण के खिलाफ ठोस कानूनी कार्यवाही करने की पुरजोर मांग उठाई।

अल्मोड़ाः प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने आज प्रेसवार्ता आयोजित कर कहा कि अपने शौर्य से भारत को सम्मान दिलाने वाली भारतीय महिला कुश्ती पहलवान विगत 04 माह से दिल्ली में न्याय की लडा़ई लड़ रही हैं, लेकिन सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास का नारा देने वाली मोदी सरकार इन महिलाओं का यौन शोषण व उत्पीड़न जैसे मामले पर चुप्पी साधे है। इन्हें न्याय देने के बजाय सरकार अपनी पार्टी के आरोपी सांसद बृजभूषण सिंह को बचाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस पूर्व मे महिला कुश्ती पहलवानों के समर्थन में कैंडिल मार्च निकालकर राष्ट्रपति ज्ञापन भेज चुकी है, लेकिन मोदी सरकार कोई कदम नहीं उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि नये संसद भवन के समक्ष न्याय मांग रही महिला कुश्ती पहलवानों को डर एवं भय दिखाकर आंदोलन को कुचलने के प्रयासों की महिला कांग्रेस तीव्र विरोध करती हैं।

उन्होंने देश की मोदी सरकार से पहलवान बेटियों के सम्मान में उचित एवं तीव्र न्याय दिलाने के लिए मांग की और आरोपी भाजपा सांसद को संसद से निष्कासित कर गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि जब देश को मान सम्मान दिलाने वाली बेटियों के लिए न्याय नहीं दिला सकती, तो महिला सशक्तीकरण मंत्री स्मृति ईरानी को इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज गुडडू, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, जिला महामंत्री ( संगठन ) त्रिलोचन जोशी, सेवादल जिला मुख्य संगठक दिनेश नेगी, नगराध्यक्ष तारा चन्द्र जोशी, प्रदेश महिला सचिव लता तिवारी एवं रजनी टम्टा, पूर्व प्रदेश महिला उपाध्यक्ष प्रीति बिष्ट, जिला महामंत्री लीला जोशी, जया जोशी, महिला नगर अध्यक्ष दीपा साह, आदि मौजूद रहे।
जनता देगी मुंहतोड़ जवाबः गोपा

बागेश्वरः कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष गोपा धपोला ने कहा कि देश की होनहार बेटियां चार माह से जंतर-मंतर पर अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठा रहीं थी। धरना पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण था। उनके आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है। जिस पर कांग्रेस समझौता नहीं करेगी। शुक्रवार को स्थानीय एक होटल पर पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष धपोला ने कहा कि सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पर बेटियों ने आरोप लगाए हैं। उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं हो सकी है। देश की बेटियों की लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है।

उन्होंने शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। न्यायालय के आदेश के बाद प्राथमिकी दर्ज हो सकी है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। कहा कि यदि बेटियां असुरक्षित हैं। गरीब परिवार की बेटियों को न्याय मिलना मुश्किल हो गया है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ स्लोगन रह गया है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्येक पीड़ित बेटी के साथ है। ऐसे डबल इंजन की सरकारों को जनता जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *